टौणी देवी (हमीरपुर)। जिला बास्केटबॉल संघ ने राज्य स्तरीय अंडर-14 बास्केटबाल प्रतियोगिता के लिए लड़कों और लड़कियों की टीमों का चयन कर लिया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टौणी देवी के खेल मैदान में आयोजित चयन प्रक्रिया में जिले भर से आए दर्जनों खिलाड़ियों ने भाग लिया।
चयन समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन, कौशल और फिटनेस का आकलन करने के बाद देर शाम दोनों वर्गों की टीमों की घोषणा की। जिला बास्केटबाल संघ के प्रवक्ता सुरेश कश्यप ने बताया कि 24 जुलाई से मंडी जिले में राज्य स्तरीय अंडर-14 बास्केटबाल प्रतियोगिता आयोजित होगी।
प्रतियोगिता से पहले चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि लड़कों की टीम का प्रशिक्षण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टौणी देवी और लड़कियों की टीम का प्रशिक्षण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डेरापुर में होगा। दोनों प्रशिक्षण केंद्रों पर प्रशिक्षकों की तैनाती भी कर दी गई है।