हमीरपुर। प्रदेश में सांख्यिकी सहायक भर्ती कोड 25013 के अंतिम रूप से चयनित तीन अभ्यर्थियों को परिणाम जारी होने के चार महीने से अधिक समय बाद भी नियुक्ति एवं पदस्थापना आदेश नहीं मिले हैं।
अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र नियुक्ति आदेश जारी करवाने की मांग की है। भर्ती कोड 25013 का अंतिम परिणाम 12 मई 2026 को जारी किया गया था। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने और तीन अभ्यर्थियों के चयन के बावजूद अभी तक उन्हें विभाग में नियुक्ति नहीं दी गई है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि नियुक्ति में देरी के कारण उन्हें भविष्य को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। अभ्यर्थियों ने बताया कि भर्ती कोड 25013 के बाद कुछ अन्य भर्तियों के अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद उनके नियुक्ति आदेश भी जारी किए जा चुके हैं।
इनमें प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती भी शामिल है। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि बाद में परिणाम घोषित होने वाली भर्तियों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जा रही है, तो सांख्यिकी सहायकों के तीन चयनित अभ्यर्थियों के आदेश अब तक लंबित क्यों हैं।
अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने और तीनों चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति एवं पदस्थापना आदेश शीघ्र जारी करने का आग्रह किया है।
वहीं, आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने कहा कि नियुक्ति देना सरकार और विभाग का कार्य है। आयोग का कार्य महज चयन करना है। विभाग को चयनित अभ्यर्थियों की सूची उपलब्ध करवा दी गई है।