गलोड़ (हमीरपुर)। थाना बड़सर के तहत गलोड़ में वाहनों के निरीक्षण के दौरान बिना हेलमेट बाइक पर सवार तीन युवक बाइक छोड़ मौके से भाग गए। पुलिस ने एक बाइक को कब्जे में लिया है। पुलिस चौकी प्रभारी गलोड़ विनय कुमार अत्री की अगुवाई में मंगलवार को गलोड़ बाजार में वाहनों का निरीक्षण किया जा रहा था। इस दौरान एक बाइक पर बिना हेलमेट तीन युवक सवार थे। पुलिस ने उन्हें रोका तो युवक मौके पर ही बाइक छोड़ कर भाग गए।
पुलिस ने बाइक को एमवी एक्ट के तहत अपने कब्जे में ले लिया है। चौकी प्रभारी विनय कुमार अत्री ने बताया कि बाइक के मालिक को भी दूरभाष पर संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि यह बाइक उनकी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले छानबीन की जा रही है और बाइक छोड़ कर भागे युवकों की पहचान करने का प्रयास भी किया जा रहा है। बाइक चोरी की भी हो सकती है। पुलिस इस संदर्भ में भी जांच कर रही है।