स्थानीय बाजार हमीरपुर में भाईदूज पर्व को लेकर आभूषणों की खरीदारी करते लोग।(संवाद)
हमीरपुर। भैया दूज पर्व बुधवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा रहेगी। आम तौर पर ऐसी शिकायतें आती हैं कि निगम की बसों के चालक बस ठहराव पर बसें नहीं रोकते। इन शिकायतों से निपटने के लिए निगम प्रबंधन ने एक दिन पहले ही बस चालकों और परिचालकों को विशेष हिदायत दी है। निगम प्रबंधन ने चेताया है कि अगर कोई सरकारी बस चालक व परिचालक महिलाओं के लिए बस नहीं रोकेगा तो उसपर विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे में महिलाएं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1100 और क्षेत्रीय प्रबंधक के मोबाइल नंबर 941800542 पर भी सीधा संपर्क कर सकती हैं। भैया दूज पर सरकारी बसों में महिलाओं को सूर्यास्त तक फ्री में यात्रा करवाई जाएगी। हालांकि, अंतरराज्यीय बसों में यह सुविधा महिलाओं को नहीं मिलेगी। वहीं त्योहारी सीजन खत्म होने को है और लोग अपने-अपने घरों व कामकाज के लिए लौट रहे हैं। ऐसे में सबसे ज्यादा मांग चंडीगढ़ के लिए रहती है। इसी को देखते हुए एचआरटीसी ने मंगलवार को भी तीन अतिरिक्त बसें चंडीगढ़ के लिए भेजी और 15 नवंबर को भी सवारियों के हिसाब से बसें भेजी जाएंगी। वहीं, जिलाभर के बाजारों में मंगलवार को भैया दूज के उपलक्ष्य पर खूब भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने बाजार में अपने भाइयों के लिए कपड़ों सहित अन्य सामान की खरीदारी की। वहीं, भाइयों ने भी आभूषणों की दुकानों पर बहनों के लिए गहनों की खरीदारी की। बाजार में दिनभर मिठाई की दुकानों पर लोगों की लाइनें लगी रहीं। शादियों का सीजन होने और भैया दूज पर्व साथ-साथ होने से सैकड़ों के संख्या में लोग बाजार में पहुंचकर खरीदारी करने पहुंचे।
उधर, एचआरटीसी डिपो हमीरपुर के उपमंडलीय प्रबंधक विवेक लखनपाल ने बताया कि भैया दूज पर्व पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा रहेगी। सभी कर्मचारियों को विशेष हिदायत दे दी गई है।