ग्राउंड रिपोर्ट
डंगे और रेलिंग होने से रहता है हादसे का खतरा, उड़ रही धूल-मिट्टी से भी परेशानी
खस्ताहाल सड़क पर दोपहिया वाहन चालक हो रहे स्किड
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी (हमीरपुर) के उहल चौक पर सुरक्षा इंतजामों की कमी से हादसों की आशंका लगातार बनी हुई है। यहां पर पर्याप्त डंगे (सुरक्षा दीवारें) और रेलिंग न होने के कारण वाहन चालकों को भारी जोखिम उठाना पड़ रहा है। उहल चौक से कक्कड़ संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।
करीब डेढ़ वर्ष पहले एनएच-03 निर्माण कंपनी ने इस मार्ग पर कटिंग का कार्य शुरू किया था, लेकिन कुछ स्थानों पर डंगे लगाने के बाद काम अधूरा ही छोड़ दिया गया। उहल चौक से कक्कड़ की ओर जाते ही सड़क की जर्जर हालत साफ नजर आती है। कई जगहों पर सड़क उखड़ी हुई है और किनारों पर सुरक्षा इंतजाम न होने से खासकर रात के समय वाहन चलाना बेहद खतरनाक हो गया है।
सड़क पर टारिंग न होने के कारण हर समय धूल-मिट्टी का गुबार उड़ता रहता है, जिससे वाहन चालकों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे छोटे-छोटे हादसे भी सामने आ चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खड़ी चढ़ाई को समतल किया जाना चाहिए, क्योंकि बरसात के दिनों में पहाड़ी से मलबा गिरने का खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि संभावित बड़े हादसों को टाला जा सके।
संपर्क सड़क पहले समतल थी। अब यहां चढ़ाई बना दी है। उहल चौक पर डंगे नहीं लगे हैं। सड़क को जल्द पक्का करना चाहिए।-नरेश कुमार, निवासी झटवाड़
खराब सड़क के चलते दोपहिया वाहन स्किड हो रहे हैं। बार-बार आग्रह के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।-कृष्ण चंद, ग्वारडू, दुकानदार
कक्कड़ संपर्क मार्ग पर रेलिंग नहीं लगी है। यहां पर रेलिंग की बहुत जरूरत है। रोजाना आवागमन वाले लोग प्रभावित हो रहे हैं।-मिलाप चंद, निवासी लड़यो
धूल-मिट्टी से वाहन चालक भी प्रभावित हो रहे हैं। स्वास्थ्य संबंधित दिक्कतें भी आ रही हैं। कक्कड़ सपंर्क सड़क को समतल किया जाना चाहिए।-राजकुमार, निवासी टौणी देवी
कोट
-डंगे का एस्टीमेट बनाकर भेजा है। स्वीकृति आते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। रेलिंग के साथ-साथ टारिंग भी की जाएगी।-अंकित सिंह, हाईवे इंजीनियर, एनएच 03
उहल-कक्कड़ संपर्क मार्ग की दयनीय स्थिति। संवाद
उहल-कक्कड़ संपर्क मार्ग की दयनीय स्थिति। संवाद
उहल-कक्कड़ संपर्क मार्ग की दयनीय स्थिति। संवाद
उहल-कक्कड़ संपर्क मार्ग की दयनीय स्थिति। संवाद
उहल-कक्कड़ संपर्क मार्ग की दयनीय स्थिति। संवाद