फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur (Himachal) News: कैंसर से जंग में स्क्रीनिंग बनी हथियार, तीन साल में 474 मरीज चिह्नित

Sat, 07 Nov 2026 07:31 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)
विज्ञापन
विज्ञापन
विश्व कैंसर जागरूकता दिवस
विज्ञापन

नादौन अस्पताल और मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में डे केयर कीमोथेरेपी की सुविधा, गांव-गांव पहुंच रही स्क्रीनिंग टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। कैंसर से जंग में अब जागरूकता और समय पर जांच को सबसे बड़ा हथियार बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की स्क्रीनिंग मुहिम के तहत जिले में पिछले तीन वर्षों में 474 कैंसर मरीजों की पहचान की गई है। इनमें वर्ष 2024 में 197, वर्ष 2025 में 152 और जून 2026 तक करीब 125 मरीज चिह्नित हुए हैं। राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि लक्षणों को नजरअंदाज न करें और नियमित जांच करवाकर बीमारी को शुरुआती चरण में ही पकड़ें। जिले में कैंसर की पहचान के लिए गांव-गांव तक स्वास्थ्य विभाग की पहुंच बनाई जा रही है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, स्वास्थ्य संस्थानों और विशेष शिविरों के माध्यम से स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और आशा कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सीएचओ सब सेंटर स्तर पर लोगों की स्क्रीनिंग कर रहे हैं, जबकि आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से संभावित लक्षणों की जानकारी जुटा रही हैं। संदिग्ध लक्षण मिलने पर लोगों को स्वास्थ्य संस्थानों में जांच करवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
विज्ञापन

बॉक्स
30 साल की उम्र के बाद जांच जरूरी
राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 30 वर्ष और इससे अधिक आयु के लोगों की नियमित स्क्रीनिंग की जा रही है। इसमें मुंह, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग जागरूकता शिविरों के माध्यम से लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों की जानकारी भी दे रहा है, ताकि किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज न किया जाए।
बॉक्स
अब जिले में ही मिल रही कीमोथेरेपी की सुविधा
कैंसर मरीजों के उपचार को सुगम बनाने के लिए सिविल अस्पताल नादौन और मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में डे केयर कैंसर कीमोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 42 प्रकार की कैंसररोधी दवाओं का प्रावधान किया है। इन केंद्रों में मरीजों को फॉलोअप सेवाओं के साथ कीमोथेरेपी भी दी जा रही है। खास बात यह है कि मरीजों को इसके लिए अस्पताल में भर्ती रहने की जरूरत नहीं पड़ती। निर्धारित समय पर उपचार देने के बाद उन्हें उसी दिन घर भेज दिया जाता है। जिले में चिह्नित कैंसर मरीजों का उपचार किया जा रहा है। हालांकि कुछ मरीज बेहतर और विशेष उपचार के लिए दूसरे जिलों के स्वास्थ्य संस्थानों का रुख भी कर रहे हैं।
विज्ञापन


कोट

-जागरूकता, नियमित स्क्रीनिंग और उपलब्ध उपचार सुविधाओं के माध्यम से कैंसर की समय पर पहचान की जा रही है। लोगों को बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है।-डॉ. सतीश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हमीरपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें