हमीरपुर। डेढ़ करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत होने के बावजूद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला हमीरपुर के साइंस भवन का निर्माण कार्य लटक गया है। भुगतान न होने से संबंधित ठेकेदार ने निर्माण कार्य रोक दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 11 अप्रैल 2015 को साइंस भवन का शिलान्यास किया था। इसके चार वर्ष के बाद भी 1.41 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। इस विज्ञान भवन में लैब समेत अन्य क्लासरूम का निर्माण प्रस्तावित है।
इस बहुमंजिला भवन के बनने से कन्या विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को सुविधा मिलनी थी। शुरू में मिले बजट के बाद ठेकेदार ने चार मंजिला भवन पिल्लरों पर तो खड़ा कर दिया है। लेकिन, अब आगे का बजट न मिलने के चलते भवन की दीवारों पर प्लास्तर, रंगरोगन, खिड़की-दरवाजे, बिजली फिटिंग और शौचालयों का निर्माण कार्य ठप पड़ा है। साइंस भवन की त़रह ही हमीरपुर में अन्य सरकारी भवनों का कार्य भी लटका हुआ है। विभाग सरकार से बजट की मांग कर रहे हैं। लेकिन, सरकार इन भवनों के निर्माण कार्य को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखा रही। उधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता विवेक शर्मा ने कहा कि शिक्षा विभाग को बजट के लिए लिखा गया है। बजट मिलने के बाद अगला कार्य शुरू हो जाएगा।