प्राइमरी स्कूलों के पढ़ाई में कमजोर बच्चों के शैक्षणिक सुधार पर अब विशेष फोकस रहेगा।
- फोटो : अमर उजाला
जिला हमीरपुर में प्राइमरी स्कूलों के पढ़ाई में कमजोर बच्चों के शैक्षणिक सुधार पर अब विशेष फोकस रहेगा। इसकी नियमित तौर पर रिपोर्ट भी जिला मुख्यालय को भेजनी पड़ेगी।
उपायुक्त मदन चौहान ने बुधवार को सुजानपुर उपमंडल के चबूतरा और बनाल के प्राइमरी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। उपायुक्त मदन चौहान ने कक्षाओं में जाकर बच्चों से बातचीत की और प्रेरणा अभियान के तहत बच्चों के शैक्षणिक सुधार का आकलन किया।
उपायुक्त के साथ एसडीएम सुजानपुर बलवान चंद मंढोत्रा भी मौजूद रहे। चौहान ने कहा कि हमीरपुर के सभी प्राइमरी स्कूलों में प्रेरणा अभियान के तहत शिक्षकों को आवश्यक ट्रेनिंग दी है।
उसी के आधार पर बेस लाइन सर्वे और एंड लाइन सर्वे किया जाएगा ताकि बच्चों के शैक्षणिक सुधार का सही आकलन किया जा सके। चौहान ने कहा कि अपर प्राइमरी स्कूलों में प्रेरणा की तर्ज पर शैक्षणिक सुधार के लिए प्रयास अभियान आरंभ किया है।
उपायुक्त ने कहा कि सभी उपमंडल अधिकारियों और शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देकर निरीक्षण की रिपोर्ट भेजने के लिए कहा है। निर्धारित प्रपत्र भी निरीक्षण अधिकारियों को दिए हैं।
उपायुक्त ने मिड डे मील की गुणवत्ता भी जांची। बच्चों के भोजन तैयार करने के लिए स्वच्छता का पूरा ध्यान रखने के दिशा निर्देश भी दिए गए हैं।