हमीरपुर। कोविड-19 महामारी के बीच कर्फ्यू में ढील का समय बढ़ाने के बाद अब प्रदेश सरकार ने शिक्षण संस्थानों को खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। अगर सब ठीक रहा तो इसी माह के अंत तक स्कूलों में कक्षाएं शुरू हो सकती हैं। जिला हमीरपुर में बुधवार को दाखिलों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिन स्कूलों में क्वारंटीन सेंटर स्थापित किए गए थे, उन्हें सैनिटाइज करने के निर्देश दे दिए गए हैं। हमीरपुर जिले में कुल 214 स्कूलों को संस्थागत क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। जिसमें प्राइमरी और मिडल 102 स्कूल हैं, जबकि 112 हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं। यहां पर बाहरी राज्यों रेड जोन से आने वाले लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
24 मार्च से प्रदेश भर में सभी सरकारी और निजी स्कूलों समेत अन्य शिक्षण संस्थानों में कक्षाएं बंद हैं। विद्यार्थी और अभिभावक स्कूल खुलने का इंतजार कर रहे हैं ताकि, नियमित कक्षाएं शुरू हो सकें। उधर, शिक्षा उपनिदेशक बीके नड्डा ने कहा कि जिला हमीरपुर में करीब 214 स्कूलों को संस्थागत संगरोध केंद्र बनाया गया है। इनमें से अधिकतर स्कूल खाली हो चुके हैं। कक्षाएं शुरू होने से पूर्व इन सभी स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से सैनिटाइज किया जाएगा।