किड बड्स स्कूल के वार्षिक समारोह में प्रस्तुति देतीं छात्राएं।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। किड बड्स पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिझड़ी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह रविवार को धूमधाम से मनाया गया। समारोह में रजिस्ट्रार एवं परीक्षा नियंत्रक केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला संजीव कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। नेत्र रोग विशेषज्ञ मेडिकल कॉलेज हमीरपुर डॉ. शशि कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत से हुई। समारोह की अध्यक्षता स्कूल प्रबंधक सुरेश शर्मा ने की। प्रधानाचार्य बलजीत सिंह ने मुख्यातिथि के समक्ष स्कूल की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश कर सबका मन मोह लिया।
बच्चों ने देश भक्ति, चक दे इंडिया..., धोबन पाणिये जो चली..., गणपति बप्पा मोरिया आदि गानों पर प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। मुख्यातिथि ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उनकी पहचान करके उनका निखार करना अध्यापकों की जिम्मेवारी है। वर्तमान युग में विज्ञान का बहुत अधिक महत्व है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि विज्ञान में रुचि लें और देश के भावी वैज्ञानिक बनकर देश के विकास में अपना अमूल्य सहयोग दें। उन्होंने मेधावी बच्चों विशाखा, रितिका, अतुल, पूनम, नवनीत, कनिका, रिधि, शैलजा सहित अन्य को पुरस्कार देकर सम्मनित किया। इस अवसर पर प्रीतम ढटवालिया, भीष्म कंवर, राकेश इत्यादि सहित स्टाफ और अभिभावक उपस्थित रहे।