हमीरपुर। चिट्टा की लत के आदी बने गरीब परिवार के युवा ड्रग तस्कर बन रहे हैं। जिले में पिछले दिनों पकड़े गए अधिकतर मामलों में चिट्टा तस्करों के निशाने पर गरीब परिवार के वे युवक हैं जो नशे के दलदल में फंसे है। इन युवाओं को आगे कर बाहरी राज्यों के ड्रग डीलर नशा सीधा शहरों, गलियों और स्कूलों तथा कॉलेजों तक पहुंचा रहे हैं। वीरवार को हमीरपुर मुख्यालय में चिट्टा के साथ पांच युवकों को पकड़ा गया है। इनमें तीन होशियारपुर जबकि दो हमीरपुर के रहने वाले हैं। ये युवक हमीरपुर शहर में साफ-सफाई का कार्य करते हैं। ऐसे ही जिले के अन्य जगहों पर कई मामलों में कम उम्र के युवाओं को नशे के साथ पकड़ा गया है जो बाद में ड्रग तस्कर पाए गए हैं।
जिला मुख्यालय में वीरवार को पकड़े गए सभी पांचों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया है। इन आरोपियों को अदालत ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। सभी आरोपियों को एक कमरे से नशा करते हुए 28 ग्राम चिट्टा के साथ सदर थाना हमीरपुर पुलिस की टीम ने दबोचा था। भारी मात्रा में चिट्टा बरामद होने पर पुलिस की मुख्य सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश जारी है, हालांकि अभी तक कोई और गिरफ्तारी नहीं हुई है। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में पुलिस बड़े तस्करों को जल्द गिरफ्तार कर सकती है। एसपी हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है। पांचों आरोपियों को पांच दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।