ऊहल (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत ऊहल के तहत बाजार में सफाई व्यवस्था चरमराने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार में सफाई कर्मचारी और सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी स्पष्ट न होने के कारण जगह-जगह गंदगी का आलम है।
झाड़ियों की नियमित सफाई न होने से भी लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। बाजार में करीब सात वर्ष पहले महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग सार्वजनिक शौचालय बनाए गए थे।
इनमें दो बाथरूम की व्यवस्था है, लेकिन नियमित सफाई न होने के कारण इनका इस्तेमाल करने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर महिलाओं को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार ऊहल बाजार में करीब 50 दुकानें हैं और प्रतिदिन 100 से अधिक ग्राहक पहुंचते हैं। ऐसे में बाजार में साफ-सफाई और सार्वजनिक शौचालयों की उचित व्यवस्था जरूरी है। दुकानदारों ने बताया कि सफाई की जिम्मेदारी तय न होने से समस्या लगातार बनी हुई है।
लोगों ने ग्राम पंचायत से बाजार और शौचालयों की नियमित सफाई करवाने और झाड़ियों की कटाई करवाने की मांग की है। साथ ही सार्वजनिक शौचालयों की देखरेख की जिम्मेदारी तय करने का आग्रह किया है।
-
शौचालय की हालत बहुत ही दयनीय है। सफाई न होने के कारण इसका प्रयोग करना काफी मुश्किल हो जाता है। इसकी सफाई के लिए कदम उठाए जाने चाहिए।
-विजय लगवाल, दुकानदार ऊहल बाजार
शौचालय का निर्माण सात वर्ष पहले किया गया था। इसकी जिम्मेवारी पंचायत के पास है। सफाई कर्मचारी न होने के कारण सफाई व्यवस्था बिगड़ चुकी है। पंचायत को इस बारे में संज्ञान लेना चाहिए।
-पंकज चौहान, दुकानदार ऊहल
शौचालय सभी लोगों की जरूरत है। बाजार में शौचालयों का निर्माण किया गया है, लेकिन इसका प्रयोग करना मुश्किल है। ग्राहक अगर इसका प्रयोग करना चाहे तो भी नहीं कर सकता है।
-साहिल लगवाल, निवासी लगदेवी
पंचायत प्रतिनिधियों को चाहिए कि वे सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए कदम उठाएं। अगर इस शौचालय की सफाई होती है तो दुकानदारों के साथ साथ ग्राहकों को भी राहत मिलेगी।
-संजीव शर्मा, दुकानदार ऊहल
कोट :
शौचालयों की सफाई व्यवस्था को लेकर मामला सामने आया है। इस संबंध में पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा की जाएगी, ताकि सही कदम उठाए जा सकें।
-कुसुमा देवी, प्रधान, ग्राम पंचायत ऊहल
संजीव शर्मा दुकानदार ऊहल
संजीव शर्मा दुकानदार ऊहल
संजीव शर्मा दुकानदार ऊहल
संजीव शर्मा दुकानदार ऊहल
संजीव शर्मा दुकानदार ऊहल