हमीरपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से दिवाली पर्व के दौरान लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपलों की रिपोर्ट आ गई है। करीब डेढ़ माह बाद आई जांच रिपोर्ट में दो सैंपल मिस ब्रांडेड पाए गए हैं। इनमें पंजीरी लड्डू और सोन पापड़ी शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दिवाली के दौरान मिलावट पर रोक लगाने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हमीरपुर शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 16 सैंपल भरे थे। इन सैंपलों को जांच के लिए कंडाघाट प्रयोगशाला भेजा गया था। अब प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट में यह सामने आया है कि पंजीरी लड्डू और सोनपापड़ी के सैंपल निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए और उन्हें मिस ब्रांडेड की श्रेणी में रखा गया है।
अब संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई करके जुर्माना लगाया जाएगा। त्योहारी सीजन में विभाग ने सैंपल लेते समय दोनों दुकानों से मिठाइयों को सील करवा दिया था, ताकि उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ न हो।
कोट
त्योहारों के दौरान विशेष निगरानी अभियान चलाया जाता है और आगे भी खाद्य सामग्री में मिलावट करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि आम जनता के स्वास्थ्य से कोई खिलवाड़ न हो।
-डॉ. अभिषेक ठाकुर, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी