हमीरपुर। घाटे में चल रही द कृषि सेवा सहकारी सभा लंबलू के डिपो में इस बार क्षेत्र के उपभोक्ताओं को राशन मिलने पर संकट बन गया है। पूर्व में सभा के प्रधान अपने पैसे से राशन उपलब्ध करवाते थे, लेकिन इस बार बजट न होने के कारण राशन खरीदने पर संशय बना हुआ है। पूर्व में सभा का सचिव भी छोड़ गया है। इसके बाद बल्यूट के सचिव को हमीरपुर लगाया गया। वह भी 15 दिन बल्यूट और 15 दिन लंबलू में सेवाएं दे रहा है। इस बार सस्ता राशन लंबलू डिपो के तहत आने वाले उपभोक्ताओं को मुश्किल ही उपलब्ध होगा।
हाल ही में डिपो में चावल की बोरियों में भी कम मात्रा में चावल पाए गए थे। डिपो के तहत ग्राम पंचायत चमनेड़ के पांच वार्ड और लंबलू के करीब 750 राशनकार्ड धारक आते हैं। ऐसे में करीब 1200 कार्ड धारकों को राशन मिलने पर संकट बना हुआ है। सभा के प्रधान जसवंत सिंह चौहान का कहना है कि सभा पर करीब 42 लाख की देनदारी है। उन्होंने अपने पैसे से भी राशन उपलब्ध करवाया है, लेकिन इस माह राशन मुश्किल से ही उपलब्ध करवाया जा सकेगा। हां अगर लोग अपने राशन के पैसे सभा के पास एडवांस जमा करवा दें तो राशन उपलब्ध करवाया जाएगा। इस बारे में लोगों से अपील की गई है। जिस पर अभी लोगों की कुछ खासी प्रतिक्रिया नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले सचिव बिना किसी सूचना के छोड़ गया, अब बल्यूट से सचिव 15-15 दिन सेवाएं दे रहा है।