नादौन (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र नादौन के अंतर्गत बड़ा पंचायत में सधोड़ा पतन पुल के निर्माण के लिए चुनाव के बाद टेंडर होंगे। पुल हमीरपुर कांगड़ा सीमा पर बनाया जाएगा। ब्यास नदी पर बनने वाले इस पुल की लंबाई ढाई सौ मीटर, जबकि चौड़ाई साड़े सात मीटर होगी। इस पर करीब 25 करोड़ रुपये का बजट खर्च होगा।
ब्यास नदी पर सुधोड़ा पतन में पुल से बड़ा और सिल्ह पंचायत के एक दर्जन गांवों की आबादी लाभान्वित होंगी। बता दें कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सधोड़ा पतन में पुल बनाने की तीन महीने पहले घोषणा कर दी थी। मगर औपचारकिताएं पूरी करने के दौरान आचार संहिता लगा गई। इस कारण पुल निर्माण कार्य के लिए टेंडर नहीं हो सके।
अब लोक निर्माण विभाग चुनाव के बाद टेंडर आवंटित कर सुधोड़ा पुल का निर्माण कार्य शुरू करेगा। पुल का निर्माण होने से हमीरपुर, नादौन, सुजानपुर आदि शहरों की दूरी भी कम होगी अन्यथा सिल्ह की ओर से आने वाले लोगों को हमीरपुर सहित अन्य क्षेत्रों की ओर जाने के लिए काफी लंबा समय तय करके जाना पड़ता था। पुल बनने से लोगों के समय और पैसे की भी बचत होगी।
बड़ा पंचायत के सूरम सिंह तथा उसके भाइयों ने करीब ढाई कनाल जगह पुल के साथ बनने वाली सड़क के लिए विभाग के नाम दान कर दी है। लोक निर्माण विभाग नादौन के एसडीओ पंकज कौशल ने कहा कि पुल के निर्माण पर 25 करोड रुपये का बजट राशि खर्च की जाएगी। चुनाव के बाद पुल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। दो साल में पुल का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है।