चआरटीसी हमीरपुर से घोड़ीधमीरी बाया गलोड बस सवारियों से खचाखच भरी हुई।
- फोटो : Hamirpur-HP
गलोड़ (नादौन)। एचआरटीसी के हमीरपुर डिपो की हमीरपुर से घोड़ी धबीरी वाया नाल्टी गलोड़ जाने वाली बस में सरकार के दिशा निर्देशों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बस में 50 फीसदी यात्रियों के बजाय इसे खचाखच भरकर रूट पर ले जाया जा रहा है। सुबह गलोड़ की ओर से यह एकमात्र बस हमीरपुर जाती है।
यह घोड़ीधबीरी से चलती है और 10.30 बजे गलोड़ पहुंचती है। बस तीन दिन से लगातार सवारियों से खचाखच भर कर आ रही है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बस में सवारियों को देखकर लगता है कि न तो समाजिक दूरी और न ही यात्रियों ने उचित तरीके से मास्क लगाए होते हैं। बस में कोविड-19 के नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
लोगों का कहना है कि एचआरटीसी को सुबह के समय हमीरपुर के लिए यहां से किसी दूसरी बस सेवा का प्रबंध करना चाहिए, ताकि लोगों को आने जाने के लिए सुविधा मिल सके। हमीरपुर से गलोड़ रूट पर फिलहाल कोई प्राइवेट बस सेवा बहाल नहीं हुई है। इसके चलते एकमात्र बस में ही लोग अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। उधर, इस बारे में डीडीएम हमीरपुर विवेक लखनपाल नेे कहा कि बस में 50 फीसदी यात्री ले जाने की अनुमति है। यदि यात्री अधिक हैं तो समस्या के निवारण के लिए ठोस कदम उठाया जाएगा। उधर, गलोड़ से फाहल की ओर कोई बस सेवा न होने के कारण लोग कोविड नियमों की परवाह किए बिना ट्राले में अपने घरों को जाने के लिए मजबूर हैं।