नियमों की अवहेलना पर वाहनों के चालान काटते हुए आरटीओ। स्रोत : संवाद
हमीरपुर। शहर में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी की ओर से शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर नाका लगाया गया। इस दौरान सड़क सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों को हिदायतें जारी की गईं।
इसके अलावा छह वाहनों के चालान काटे गए। करीब 25 हजार रुपये जुर्माना भी किया गया। आरटीओ ने दो दिन पहले भी विभिन्न गाड़ियों के चालान काटे। पक्का भरोह सड़क मार्ग पर आरटीओ ने दोपहर करीब 12:15 मिनट पर निजी स्कूल के समीप नाका लगाया। इस दौरान सड़क मार्ग से गुजरते विभिन्न वाहनों को रोका गया। आरटीओ ने गाडिय़ों का फिटनेस सर्टिफिकेट, प्रदूषण सर्टिफिकेट, वाहन चालकों के लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान पाया गया है कि स्कूली बसों के चालक वर्दी में नहीं थे। किसी भी वाहन चालक के पास प्रदूषण सर्टिफिकेट नहीं था।
आरटीओ अंकुश शर्मा ने कहा कि वाहनों चालकों के लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। कुछ कमियां थीं, जिन पर जुर्माना और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय वाहन चालकों को निर्धारित नियमों का पालन करना चाहिए। निर्धारित गति में ही गाड़ी चलानी चाहिए।उन्होंने कहा कि इस दौरान वाहन चालकों को जागरूक भी किया जा रहा है।