ग्राउंड रिपोर्ट
सचित्र
अवाहदेवी बाजार को एनएच-03 से जोड़ने वाले मार्ग की अनदेखी, व्यापारियों का कारोबार भी हो रहा प्रभावित
लोक निर्माण विभाग नहीं ले रहा सुध, मरम्मत के अभाव में बिगड़ी सड़क की स्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
अवाहदेवी (हमीरपुर)। मुख्य बाजार अवाहदेवी से एनएच-03 को जोड़ने वाली सड़क का करीब 800 मीटर हिस्सा पूरी तरह खस्ता हालत में पहुंच चुका है। सड़क की बदहाली राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के चलते आए दिन वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, जबकि दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने से वे गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
गड्ढों के कारण चार पहिया वाहनों के टायर और सस्पेंशन भी खराब हो रहे हैं, जिससे वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति का सीधा असर अवाहदेवी बाजार के व्यापार पर भी पड़ रहा है। सड़क पर आवाजाही में दिक्कत के चलते ग्राहक दुकानों तक आने से कतरा रहे हैं, जिससे व्यापारियों की बिक्री में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा थी, लेकिन एनएच बाईपास के निर्माण के बाद इस मार्ग की अनदेखी शुरू हो गई। लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। बरसात के मौसम के बाद स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की सुध नहीं ली गई तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
यह सड़क काफी समय से खराब है। इस सफर में चलना मुश्किल हो गया है। सुबह सब्जी लाने में भी दिक्कतें आती हैं।-विक्रम, सब्जी विक्रेता
आए दिन कई हादसे इस सड़क पर होते हैं। लोक निर्माण विभाग को इसकी सुध लेनी चाहिए। लंबे समय से सड़क के इस हिस्से की मरम्मत नहीं हुई।-राकेश ठाकुर, मेडिकल स्टोर दुकानदार
इस सड़क में इतने गड्ढे बन चुके हैं कि इसमें चलना मुश्किल हो गया। वाहन काफी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इस मार्ग की मरम्मत करनी चाहिए।-तोशू ठाकुर, निवासी अवाहदेवी
सरकार की जिम्मेदारी है कि लोगों को आवागमन के लिए बेहतर सड़क सुविधा दे। ग्राहक दुकान में आने से परहेज कर रहे हैं। कारोबार प्रभावित हो रहा है।-आशा देवी, दुकानदार
संपर्क सड़क के हिस्से की जल्द मरम्मत करवा दी जाएगी। मरम्मत के लिए टेंडर हो चुका है।-केके भारद्वाज, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग भोरंज
विक्रम सब्जी विक्रेता- फोटो : टेडी खरीदने युवक.। संवाद
विक्रम सब्जी विक्रेता- फोटो : टेडी खरीदने युवक.। संवाद
विक्रम सब्जी विक्रेता- फोटो : टेडी खरीदने युवक.। संवाद
विक्रम सब्जी विक्रेता- फोटो : टेडी खरीदने युवक.। संवाद