दोबारा पलटा प्रशासन, अब छोटे-छोटे प्लाट नहीं, एकमुश्त बिकेगा चौगान
जिला प्रशासन ने प्लाट आवंटन का विज्ञापन लिया वापस, लागू होगी नई व्यवस्था
व्यापारियों के विरोध के बाद बदला गया था फैसला, अब फिर पलटा प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर/सुजानपुर। नया करने की चाह या फिर राजनीति के बढ़ते हस्तक्षेप से इस बार होली उत्सव सुजानपुर की तैयारियां शुरू होने से पहले ही व्यवस्था में आपसी खींचतान का रंग हावी नजर आ रहा है। होली उत्सव सुजानपुर की तैयारियों से पहले ही प्लाट आवंटन नीति विवाद का बहस केंद्र बन गई है।
कभी खुली बोली, कभी एकमुश्त आवंटन और फिर दोबारा यू-टर्न प्रशासन और मेला कमेटी के बदलते फैसलों ने व्यापारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी असमंजस में डाल दिया है। होली उत्सव के लिए प्लाट आवंटन शुरू होने से पहले ही तय व्यवस्था में फेरबदल का सिलसिला जारी है। पहले प्रशासन की ओर से वर्षों से चली आ रही छोटे-छोटे प्लाट खुली बोली से आवंटित करने की व्यवस्था को खत्म कर पूरे चौगान को एकमुश्त बोली के जरिये देने की चर्चा सामने आई। इसपर व्यापारियों ने तीखा विरोध किया, जिसके बाद प्रशासन ने पीछे हटते हुए पुरानी व्यवस्था लागू रखने की घोषणा कर दी।
पांच फरवरी को मीडिया को जारी सूचना में बताया गया था कि प्लाटों की खुली बोली 11 और 12 फरवरी को करवाई जाएगी, लेकिन अब मेला कमेटी ने इस विज्ञापन को भी वापस ले लिया है। इसके साथ ही एक बार फिर चौगान को एक ही व्यापारी को एकमुश्त आवंटित करने की नई व्यवस्था को लागू करने का फैसला कर लिया है। माना जा रहा है कि मेला कमेटी इस फैसले के जरिये अधिक राजस्व जुटाने का तर्क दे दे रही है, जबकि व्यापारी वर्ग इसे एकाधिकार को बढ़ावा देने वाला कदम बता रहा है। व्यापारियों का कहना है कि यदि मैदान का बड़ा हिस्सा एक ही कारोबारी को दे दिया गया तो वह छोटे दुकानदारों को मनमाने दामों पर प्लाट देगा, जिसका सीधा असर मेले में बिकने वाले सामान की कीमतों पर पड़ेगा।
ग्राहकों के सिर से होगी आखिरी उगाही
व्यापारियों का तर्क है कि महंगे प्लाट मिलने की स्थिति में दुकानदारों को भी घाटा निकालने के लिए सामान महंगे दामों पर बेचना पड़ेगा, जिससे मेले की परंपरागत पहचान और आम लोगों की पहुंच प्रभावित होगी। इसी आशंका को लेकर व्यापारियों ने प्रशासन से निर्णय वापस लेने की मांग की थी, जिसे पहले मान लिया गया, लेकिन अब एक बार फिर फैसला बदल दिया गया है।
ये थी दशकों पुरानी व्यवस्था
दशकों से चली आ रही व्यवस्था के तहत चौगान मैदान में मनियारी, कपड़ा, फास्ट फूड, फर्नीचर सहित अन्य दुकानों के लिए छोटे-छोटे प्लाट खुले में खुली बोली के माध्यम से आवंटित किए जाते रहे हैं। इस बार भी इसके लिए एक साथ सात टेंडर जारी किए गए थे, लेकिन अब प्रशासन ने सभी टेंडर वापस ले लिए हैं। नई व्यवस्था के तहत अब मैदान का बड़ा हिस्सा एक ही व्यापारी को आवंटित किया जाएगा, जो आगे अपने स्तर पर प्लाटों का वितरण करेगा।
प्लाट आवंटन और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित टेंडर रद्द
राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 के लिए प्लाट आवंटन , पार्किंग, टैंट शामियाना , स्टाल और अन्य व्यवस्थाओं हेतु 5 फरवरी को आमंत्रित टेंडर फिलहाल रद्द कर दिए गए हैं। एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला ने बताया कि कुछ आवश्यक संशोधनों के बाद ये टेंडर दोबारा आमंत्रित किए जाएंगे।
कोट
मेले में प्लाट आवंटन एकमुश्त आधार पर किया जाएगा। मेला कमेटी अब छोटे-छोटे प्लाट अपने स्तर पर खुली बोली से आवंटित नहीं करेगी। पांच फरवरी को जारी विज्ञापन को वापस ले लिया गया है।
गंधर्वा राठौड़, उपायुक्त हमीरपुर