धौलासिद्ध प्रोजक्ट में सड़क निर्माण के लिए नादौन क्षेत्र में काटे पेड़।
- फोटो : Hamirpur-HP
बड़ा (हमीरपुर)। धौलासिद्ध प्रोजेक्ट के लिए सड़क का निर्माण करने की कवायद शुरू हो गई है। वन विभाग ने पेड़ों का कटान शुरू कर दिया है। वन विभाग ने धौलासिद्ध प्रोजेक्ट के रास्ते के लिए 10 हजार 541 पेड़ों की मार्किंग की है, जोकि लगभग पांच किलोमीटर के क्षेत्र में हैं। इस पांच किलोमीटर क्षेत्र में धौलासिद्ध प्रोजेक्ट की सड़क बनाई जाएगी। वनरक्षक अंकुर शर्मा ने कहा कि विभाग ने पानी का स्तर 518 फीट मार्क कर लिया है। जिस कारण कुछ नियमों के तहत 602 पेड़ों को बाद में काटा जाएगा।
पेड़ों का कटान 27 फरवरी से शुरू हो गया है। दो दिनों में 150 के करीब पेड़ काटे जा चुके हैं। इन पेड़ों का कटान वनरक्षक की निगरानी में हो रहा है। नादौन की ब्यास नदी पर 66 मेगावाट का बिजली प्रोजेक्ट प्रस्तावित है। इसका निर्माण कार्य एसजेवीएन की धौलासिद्ध कंपनी करेगी। इस पावर प्रोजेक्ट का पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शिलान्यास किया था। लंबे समय से इस प्रोजेक्ट के लिए भूमि अधिग्रहण और फोरेस्ट क्लीयरेंस का कार्य चल रहा है। वर्तमान में 90 फीसदी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से सैकड़ों युवाओं को रोजगार के साधन मुहैया होंगे।