सड़क निर्माण पर खर्च होगा साढे़ सात करोड़ का बजट
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज-चार के तहत बनेगी चार किलोमीटर सड़क
नवीन ठाकुर
हमीरपुर। लोक निर्माण विभाग के कक्कड़ उपमंडल के पुरली सहित अन्य गांव जल्द सड़क सुविधा से जुड़ेंगे। पुरली बरोटा से जंगलेड़ खड्ड तक नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इसकी डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) बनाकर राष्ट्रीय ग्रामीण अवसरंचना विकास एजेंसी (एनआरआईडीए) को भेज दी है।
डीपीआर को स्वीकृति मिलते ही बरसात के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है। पुरली सहित अन्य गांवों के लोग काफी समय से सड़क सुविधा की मांग कर रहे थे। लोगों की मांग पर विभाग ने सड़क की डीपीआर तैयार की है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज-चार के तहत चार किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। सड़क के निर्माण पर करीब साढ़े सात करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा।
करीब पौने चार मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण होगा। सड़क के किनारे नालियां भी बनाई जाएंगी। लोक निर्माण विभाग कक्कड़ के एसडीओ संसार चंद ठाकुर ने बताया कि पुरली गांव को सड़क से जोड़ने के लिए लोक निर्माण विभाग प्रयासरत्त है। पुरली बरोटा से जंगलेड़ खड्ड तक सड़क बनाने की डीपीआर स्वीकृति के लिए भेजी गई है। उन्होंने बताया कि स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। संवाद