प्रतापनगर में पेयजल पाइपलाइन डालने के लिए की गई खुदाई। संवाद
हमीरपुर। प्रतापनगर सड़क में पाइपलाइन बिछाने का कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिस कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। नोटिस के बाद भी ठेकेदार ने कार्य की गति नहीं बढ़ाई है।
हालात ऐसे हैं कि बारिश के दौरान मुख्य सड़क और नालियां ब्लाॅक हो गई हैं और वाहन चालकों व राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने पाइपलाइन के लिए मुख्य सड़क की खोदाई कर मिट्टी को सड़क में फेंक दिया है, जिससे पानी के साथ मिट्टी कीचड़ में तबदील हो रही है।
वार्ड के लोगों ने कहा कि जल शक्ति विभाग की ओर से पाइपलाइन डालने के कार्य को पूरा करने के लिए तीन माह का समय निर्धारित किया गया है, लेकिन डेढ़ माह में पाइपलाइन का कार्य आधा भी पूरा नहीं हुआ है। यहां पर दो से तीन मजदूर कार्य के लिए लगाए गए हैं, जिससे कार्य गति नहीं पकड़ पा रहा है। धीमी गति से चल रहा निर्माण कार्य लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि वर्षों पूर्व बिछाई गई पाइपलाइन की क्षमता बढ़ाने के लिए नई मोटी पाइपों को बिछाया जा रहा है, ताकि लोगों को पेयजल किल्लत का सामना न करना पड़े। कार्य को बरसात के मौसम में शुरू किया गया है, जिससे लोगों की मुश्किले बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के लिए वह जल शक्ति विभाग के पास शिकायत कर चुके हैं।
शिकायत के आधार पर विभाग ने संबंधित ठेकेदार को कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, लोगों ने जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा करवाने की मांग की है। संवाद