दो परिवारों के विवाद से अन्य ग्रामीण हो रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। विकासखंड नादौन की भदरू पंचायत के कलूहा गांव में दो परिवारों के बीच चल रहे भूमि विवाद का खामियाजा गांव के करीब 15 परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। विवाद के कारण गांव को जाने वाले दो रास्तों को पूरी तरह दोनों छोर से बंद कर दिया गया है। इससे न केवल आवाजाही प्रभावित हो रही है बल्कि कुछ लोगों के घरों से गत दो माह से उनके चौपहिया वाहन बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। ग्रामीण महेंद्र, अनीता, राकेश, संजय, अजय, मोहन, कुलदीप आदि ने कहा कि धनेटा मैहरे रोड से जो रास्ता उनके गांव को जाता है उसे पंचायत की ओर से करीब 50 मीटर तक पक्का किया गया है, परंतु उसके दोनों छोर बंद कर दिए गए हैं।
वहीं, एक अन्य रास्ता भी बंद है। उन्होंने कहा कि करीब 25 वर्ष पहले गांव के लिए यह रास्ता निकाला गया था और करीब 10 वर्ष पूर्व इसे पंचायत की ओर से पक्का करने का कार्य आरंभ करते हुए 50 मीटर भाग पक्का कर दिया था परंतु दो परिवारों के बीच विवाद के कारण रास्ता बंद कर दिया गया है। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि रास्ते को खुलवाया जाए। इस संबंध में एसडीएम नादौन अपराजिता चंदेल ने कहा कि मामला विचाराधीन है और समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।