नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के तहत नादौन-हमीरपुर मार्ग पर बन रहे फोरलेन के कारण कुठार गांव को जाने वाला रास्ता दो सप्ताह से बंद पड़ा है। इस कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों में भूपेंद्र सिंह, अवतार सिंह, अमित राणा, जितेंद्र सिंह, विजेंद्र, राजीव ठाकुर, राजेंद्र, लखबीर सिंह, अजीत, अमित, मस्तराम, दविंद्र और मनी आदि ने कहा कि निर्माणाधीन फोरलेन के कारण उनके गांव का रास्ता करीब दो सप्ताह से बंद पड़ा है। इससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है। सबसे अधिक परेशानी वृद्ध, दिव्यांगजनों और बच्चों को हो रही है।
उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी से लेकर नादौन क्षेत्र के इस भाग को फोरलेन की बजाय डबललेन बनाया जा रहा है जो सरासर गलत है। इससे लोग असमंजस की स्थिति में है क्योंकि भविष्य में यदि इसे फोरलेन में बदलने की योजना बनी तो उन्हें फिर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने मांग की है कि नादौन क्षेत्र में जहां डबललेन बनाया जा रहा है, उसे फोरलेन में बदला जाए।
उधर, एसडीएम नादौन अपराजिता चंदेल ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को शीघ्र ही फोरलेन अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा ताकि समस्या का उचित समाधान हो सके।