नादौन में सड़क किनारे की खुदाई। स्रोत : जागरूक पाठक
नादौन (हमीरपुर)। नगर परिषद नादौन के तहत बाजार में पेयजल पाइप बिछाने के लिए की गई सड़क की खोदाई लोगों के लिए परेशानी बन गई है। सोमवार को खरीदारी के लिए जा रही सेरा गांव की सुदेश कुमारी सड़क पर बिखरे पत्थरों के कारण गिरकर घायल हो गईं।
हादसे में उनका एक दांत टूट गया और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। करवाचौथ और दिवाली के चलते बाजार में इन दिनों खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में संकरी सड़कों पर बिखरे पत्थरों और उबड़-खाबड़ रास्ते से राहगीरों, खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों अभिजीत, त्रिलोक, रत्न चंद और विमल शर्मा ने कहा कि पाइप बिछाने के बाद सड़क को समतल नहीं किया जा रहा है, जिससे हादसों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की कि त्योहारों के दौरान खोदाई का काम रात में करवाया जाए और काम पूरा होते ही सड़क को समतल किया जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो।
कोट:
ठेकेदार को निर्देश दिए जाएंगे कि खोदाई वाले हिस्से का कार्य पूरा कर सड़क को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को परेशानी न हो।
-अमित चौधरी, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग नादौन
विभाग को पहले ही त्योहारों के बाद बाजार में खोदाई करने के लिए कहा था। यदि कार्य करना आवश्यक हो, तो खोदाई के साथ ही संबंधित हिस्से को भरकर समतल किया जाना चाहिए। खोदी गई सड़क को जल्द दुरुस्त करवाया जाएगा।
-रमन शर्मा, सचिव नगर परिषद नादौन