बिझड़ी (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत बिझड़ी के अंबोटा गांव में दो परिवारों के बीच का झगड़ा सड़क पर आ गया। झगड़े में शामिल एक परिवार ने संपर्क सड़क पर लकड़ियों के गट्ठे डालकर सड़क को बंद कर दिया। तैश में आए इस परिवार ने सड़क पर आवाजाही पूर्ण रूप से बाधित कर दी।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि गांव में एक परिवार रिहायशी मकान बनाने के लिए अपनी मलकीयत भूमि में खुदाई करवा रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रह रहे दूसरे परिवार ने इसका विरोध कर दिया। मलकीयत भूमि में खुदाई न करने देने पर उक्त व्यक्ति ने गुस्से में आकर अंबोटा गांव से गुजर रही संपर्क सड़क को लकड़ी के गट्ठे डालकर बंद कर दिया। करीब दो घंटे सड़क बंद रही। जिससे वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। जैसे ही उक्त व्यक्ति को यह एहसास हुआ कि पक्की सड़क को रोकने पर उसके ऊपर कार्रवाई हो सकती है तो उसने खुद ही लकड़ी के गट्ठों को सड़क से हटा दिया।
बिझड़ी पंचायत के उप प्रधान संजय शर्मा का कहना है कि शिकायत तो आई थी कि अंबोटा में किसी ने सड़क को बंद कर दिया है, लेकिन बाद में पता चला कि जिसने सड़क को बंद किया था उसने खुद ही सड़क मार्ग को खोल दिया। उधर बिझड़ी चौकी प्रभारी पूर्ण भगत का कहना है कि इस बारे पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है।