भोरंज (हमीरपुर)। राजकीय प्राथमिक स्कूल लगमन्वीं में समाजसेवी और सेवानिवृत्त कला अध्यापक ओम प्रकाश अपनी पेंशन से एक कमरे का निर्माण करवा रहे हैं, ताकि बच्चों को पढ़ाई में कोई समस्या न आए। लगमन्वीं स्कूल में कमरों की कमी को देखते हुए इन्होंने यह निर्णय लिया। इसके साथ ही बच्चों की पढ़ाई में कोई बाधा न आए, इसके लिए एक अध्यापक भी रखा गया है। अध्यापक का वेतन ओम प्रकाश व कुलदीप चंद शर्मा अपने निजी खर्चे से देते हैं।
2022 में 27 वर्ष सेवा करने के बाद कला अध्यापक पद से ओम प्रकाश सेवानिवृत्त हुए। अब वे समाजसेवा भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई इसी स्कूल से की और आगे की पढ़ाई बाहन्वीं स्कूल से पूरी की। राजकीय प्राथमिक स्कूल लगमन्वीं की मुख्याध्यापिका मीरा देवी ने इसके लिए उनका आभार जताया है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा का इनका यह कार्य सबको प्रेरणा देता है।