हमीरपुर। कॉरपोरेट सेक्टर के सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ की रविवार को हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 10 अगस्त को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। प्रदेश के हर जिले से संघ सदस्य वहां पहुंचेंगे और घेराव में शामिल होंगे। बैठक जिला प्रधान राजकुमार की अध्यक्षता में भोटा चौक हमीरपुर में हुई। जिला प्रधान राजकुमार ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी के अध्यक्ष देवी लाल ठाकुर के नेतृत्व में विधानसभा का घेराव होगा।
प्रधान राजकुमार ने कहा कि बीते छह माह से मुख्यमंत्री इस वर्ग को महज आश्वासन ही दे रहे हैं। जबकि मांग को पूरा नहीं किया जा रहा है। छह माह में संघ ने लगभग सभी विधायकों, मंत्रियों, सांसदों, केंद्रीय मंत्री, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर उन्हें अपने मांग पत्र सौंपे हैं, ताकि उनकी पेंशन विसंगति को दूर किया जाए। इस संबंध में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदेश में 6,730 लोग बिना पेंशन धक्के खा रहे हैं, परंतु मुख्यमंत्री इस मसले को नजरंदाज कर रहे हैं। शिमला रैली का भी असर नहीं होगा तो संगठन के साथ जितने भी भाजपा के मुख्य कार्यकर्ता हैं, वह सामूहिक इस्तीफा देंगे और उसके बाद भी सरकार की आंखें नहीं खुलती हैं तो हर जिला मुख्यालय पर आमरण अनशन की जाएगी।
बैठक में जगदीश चंद सनौरिया, दलीप सिंह, सोहन सिंह पटियाल, सुरजीत वर्मा, उधम सिंह, योगेंद्र प्रसाद, बीएल सकलानी, पुरषोत्तम चंद सहित अन्य मौजूद रहे।