बाल स्कूल हमीरपुर से अध्यापक पात्रता परीक्षा देकर आते अभ्यर्थी।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की ओर से टीजीटी आर्ट्स और मेडिकल की अध्यापक पात्रता परीक्षा का आयोजन रविवार को किया गया। इसमें जिलाभर में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें सैकड़ों अभ्यर्थियों ने सुबह एवं शाम के सत्र में परीक्षा दी। खंड नादौन में भी तीन परीक्षा केंद्रों कन्या स्कूल, बाल स्कूल और भूंपल में यह परीक्षा करवाई गई।
कन्या विद्यालय के संस्कृत अध्यापक नरेश मलोटिया शास्त्री ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर सुबह के सत्र में टीजीटी आर्ट्स की परीक्षा प्रधानाचार्य मंजू रानी और विद्यालय प्रशासन की देख-रेख में सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर ही स्थानीय विद्यालय के अधिकारियों की ओर से अभ्यर्थियों के पहचान पत्र देखकर ही प्रवेश दिया गया। कोरोना महामारी से बचाव के लिए अभ्यर्थियों को मास्क भी विद्यालय प्रशासन की ओर से बांटे गए।
परीक्षा उप अधीक्षक कुलदीप कुमार के अनुसार कन्या विद्यालय में कोरोना नियमों का पालन करते हुए परीक्षा संपन्न की गई और सभी अभ्यर्थियों ने भी परीक्षा के संचालन के लिए परीक्षा के मूलभूत नियमों का पालन करके सहयोग प्रदान किया। इस केंद्र में 139 में से 133 अभ्यर्थियों ने टीजीटी आर्ट्स की टेट परीक्षा में हिस्सा लिया और मात्र छह अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। नादौन के तहसीलदार मनोहर लाल शर्मा ने तीनों परीक्षा केंद्रों का औपचारिक निरीक्षण किया तथा वहां की व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने बताया कि इन तीनों परीक्षा केंद्रों में 439 में से 398 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। सभी केंद्रों पर सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई।