संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर(हमीरपुर)। राष्ट्र स्तरीय होली मेले से पूर्व सुजानपुर विश्राम गृह का जीर्णोद्धार कार्य शुरू हो गया है। कार्य पर लोक निर्माण विभाग की ओर से 24 लाख रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है। कार्य को पूर्ण करने के लिए ढ़ाई माह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जीर्णोद्धार होने के बाद विश्राम गृह में ठहरने वाले अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बजट राशि से विश्राम गृह के भवन की मरम्मत के साथ-साथ पार्किंग व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा। पार्किंग में एक साथ दो दर्जन वाहनों को खड़ा करने की सुविधा मिलेगी। भवन के साथ विश्राम गृह तक पहुंचने वाली संपर्क सड़क भी कायाकल्प किया जाएगा, जिसमें लाइटों के साथ किनारों पर बेंचों की व्यवस्था होगी।
वर्तमान में सुजानपुर विश्राम गृह में पार्किंग को लेकर कोई उचित व्यवस्था नहीं है। पार्किंग में आधा दर्जन के करीब ही वाहन खड़े हो पाते हैं। ऐसे में विभिन्न समारोहों के दौरान अतिथियों व अधिकारियों की गाड़ियों को पार्क करने में काफी परेशानी होती है। समस्या के समाधान को लेकर विभाग की ओर से पार्किंग स्थल का विस्तार किया जा रहा है।
वहीं, पूर्व में विश्राम गृह से पालमपुर संधोल सड़क के लिए जाने में प्रांगण से होकर निकालना पड़ता था। अब विश्राम गृह के किनारे से रास्ते का निर्माण किया जा रहा है। रास्ते पर पेवर ब्लॉक लगाने के साथ किनारे पर रेलिंग लगाने का कार्य किया जाएगा। इससे वाहनों को सुरक्षित मुख्य सड़क तक पहुंचाने में आसानी होगी।