भोटा, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद सेवानिवृत्त तकनीकी कर्मचारी एवं अधिकारी वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक बुधवार को भोटा के एक होटल में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल ठाकुर ने की।
प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल ठाकुर ने कहा कि संगठन का जिला व इकाई स्तर पर शीघ्र गठन किया जाएगा, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सरकार व बोर्ड प्रबंधन के समक्ष रखा जा सके। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद सेवानिवृत्त तकनीकी कर्मचारी एवं अधिकारी वेलफेयर एसोसिएशन का पंजीकरण हो चुका है।
वक्ताओं ने बिजली बोर्ड में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि बोर्ड की रीढ़ माने जाने वाले तकनीकी कर्मचारियों व अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में कठिन परिस्थितियों में कार्य कर विद्युत ढांचे को मजबूत किया, लेकिन आज वही कर्मचारी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। पहली जनवरी 2016 से संशोधित वेतनमान के आधार पर ग्रेच्युटी एवं अवकाश नकदीकरण का भुगतान अब तक लंबित है।
अप्रैल 2024 के बाद से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन, ग्रेच्युटी तथा अवकाश नकदीकरण जैसे देय लाभों का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। एसोसिएशन ने बोर्ड प्रबंधन से मांग की कि सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, मुख्य सलाहकार प्रदीप ठाकुर, उपाध्यक्ष नेक राम कपूर, ज्ञान चंद ठाकुर, उत्तम राम, सुरेंद्र शर्मा, सचिव शालिग्राम, मुख्य संगठन सचिव प्रताप राव आदि उपस्थित रहे।