हमीरपुर। एजुकेशन हब हमीरपुर के सरकारी स्कूलों में अब ऑनलाइन पढ़ाई की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। स्कूल स्तर पर शिक्षकों को कक्षा कक्ष में पढ़ाई के दौरान वीडियो और फोटो क्लिक करके पीपीटी तैयार करनी होगी।
इस तैयार की गई पीपीटी की रिपोर्ट प्रत्येक माह उच्च शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय भेजी जाएगी। इसके बाद स्कूलों को ऑनलाइन पढ़ाई में आ रही परेशानियों व अन्य संसाधनों को जोड़ने को लेकर कार्य किया जाएगा। सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन शिक्षा को बढ़ावा देने और मॉनिटरिंग के लिए शिक्षा विभाग ने यह डाटा तैयार करने का निर्णय लिया है।
समय पर डाटा तैयार न करने वाले स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस के जवाब में शिक्षकों को पीपीटी तैयार न करने का कारण स्पष्ट करना होगा। वर्तमान में जिला के छह शिक्षा खंडों में स्थित सरकारी स्कूलों में विभाग की ओर से क्यान, प्रोजेक्टरों, स्मार्ट क्लास रूमों सहित आईसीटी लैबों को स्थापित करवाया गया है, ताकि विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कर सकें, लेकिन अधिकांश स्कूलों में विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई नहीं करवाई जा रही हैं
इसके चलते विद्यार्थियों को कठिन विषयों को पढ़ने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अब समस्या का समाधान करते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रमुखों को पीपीटी के माध्यम से प्रत्येक माह रिपोर्ट जमा करवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्कूलों की मॉनिटरिंग सुचारू रूप से की जा सके।
कोट
सरकारी स्कूलों में शिक्षकों को ऑनलाइन पढ़ाई की पीपीटी के माध्यम से रिपोर्ट जमा करवानी होगी। विद्यार्थियों को आधुनिक माध्यम से शिक्षा देने के लिए मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि इलेक्ट्रानिक उपकरणों का अधिक प्रयोग किया जा सके।
-डॉ. एमआर चौहान, उपनिदेशक, उच्चत्तर शिक्षा हमीरपुर