रसेड़वां स्कूल में प्रभावितों के लिए लगाया गया है अस्थायी शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के पपलाह गांव में बरसात से लोगों के रिहायशी मकान क्षतिग्रस्त होने से कई परिवार बेघर हो गए हैं। इस संकट के समय आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रशासन के साथ सेवा भारती हमीरपुर इकाई आगे आई है।
राजकीय प्राथमिक पाठशाला कोट रसेड़वां को प्रशासन की ओर से आपदा राहत अस्थाई शिविर बनाया गया है, जिसमें पपलाह गांव की केसरी देवी, धर्मी देवी और संजीव कुमार सहित तीन परिवारों के करीब 13 सदस्य रह रहे हैं।
प्रशासन की ओर से हलका पटवारी रवि कुमार द्वारा इन परिवारों को 5 किलोग्राम आटा, 7 किलोग्राम चावल, दालें, तेल, नमक व अन्य सामान दिया गया। इसी तरह सेवा भारती हिमाचल प्रांत की जिला हमीरपुर इकाई के सदस्यों ने भी तीनों परिवारों को सीटें, 13 गद्दे, 13 कंबल, चार बाल्टियां, टॉर्च, चार सोलर लाइट व अन्य सामान वितरित किया है।
वहीं, संस्था सदस्यों ने पपलाह गांव में ख्याली राम व मोहर सिंह की घर पर ही मदद की। पपलाह पंचायत प्रधान अंकुश सैनी ने कहा कि पपलाह पंचायत के अकेले पपलाह गांव में एक दर्जन से अधिक घर, गोशालाएं, रसोईघर, शौचालय व डंगों के गिरने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने पपलाह गांव के ग्रामीणों की मदद करने पर प्रशासन व सेवा भारती हमीरपुर के सदस्यों आभार प्रकट किया है।