कायाकल्प योजना के तहत निरीक्षण के लिए भोरंज में पहुची टीम। संवाद
अस्पताल में सफाई का इंतजाम, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट और व्यवस्थाओं की हुई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। कायाकल्प योजना के तहत अस्पतालों का मूल्यांकन करने के लिए वीरवार को सिविल अस्पताल टौणी देवी और भोरंज में निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण मेडिकल संघ के अध्यक्ष व मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज जंगलबैरी के डॉ. सुरेंद्र सिंह डोगरा, कायाकल्प कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशीष धलारिया, सह संयोजक कायाकल्प विशाल चौहान ने किया। कायाकल्प योजना के तहत अस्पतालों का मूल्यांकन करने के लिए 50 मानक तय किए गए हैं।
इन मानकों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पतालों का सर्वे करती है और बेहतर प्रदर्शन करने वाले अस्पतालों को पुरस्कृत करती है। कायाकल्प योजना के तहत अस्पतालों के मूल्यांकन में अस्पताल में साफ-सफाई का इंतजाम, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, रजिस्ट्रेशन काउंटर, अस्पताल इंफेक्शन प्रिवेंशन मैनेजमेंट, रिकॉर्ड कीपिंग, मेडिसिन डिस्ट्रीब्यूशन, मरीज और स्टाफ के बीच परस्पर व्यवहार सपोर्ट सर्विस आदि को देखा जाता है।
कायाकल्प योजना के तहत अस्पतालों को बेहतर बनाने के लिए राज्य में टॉप करने वाले अस्पतालों को 17 लाख रुपये की राशि दी जाती है। दूसरे ओर तीसरे स्थान पर आने वाले अस्पतालों को भी राशि दी जाती है। इस अवसर पर बीएमओ टौणी देवी डॉ. रमेश रत्तू और भोरंज के बीएमओ डॉ. ललित कालिया ने कायाकल्प टीम का स्वागत और सहयोग किया।