सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 29 से शुरू होगा टीकाकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण से पहले लाभार्थियों का पंजीकरण अनिवार्य है। यह पंजीकरण नजदीकी उप स्वास्थ्य केंद्र में होगा। लाभार्थी आशा कार्यकर्ता के पास भी पंजीकरण करवा सकती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लाभार्थियों को पंजीकरण करवाने का आग्रह किया। वहीं टीके कोल्ड चेन प्वाइंट में भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई। स्वास्थ्य खंड गलोड़ से टीके कोल्ड चेन प्वाइंट में पहुंच चुके हैं। सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) से बचाव के लिए जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान 29 मार्च से शुरू होगा। पहले चरण में 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लगभग 4338 लड़कियों को वैक्सीन का एक-एक टीका लगाया जाएगा। टीके 29 मार्च, 5 अप्रैल और 12 अप्रैल को सुबह 10 से दोपहर बाद 3:00 बजे तक लगाए जाएंगे। छूटी लड़कियों के लिए 19 अप्रैल, 10 मई, 24 मई और 21 जून को भी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
लड़कियां टीकाकरण के दिन अपने अभिभावकों को साथ लाएं। घर से खाना खाकर ही टीका लगवाने आएं। उनके पास आधार कार्ड या पहचान का अन्य प्रमाण तथा ओटीपी के लिए मोबाइल फोन भी होना चाहिए। अन्य आम वैक्सीन की तरह ही इस टीके को लगाने के बाद कुछ लड़कियों को थोड़ी देर के लिए मामूली दिक्कत होगी। उसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहले से ही तैयारी रखी है। टीका लगाने के बाद प्रत्येक लड़की को कुछ मिनटों के लिए स्वास्थ्य केंद्र में रोका जा सकता है। टीकाकरण के बाद यूबिन पोर्टल पर लाभार्थियों को डेटा अपलोड होगा।
बॉक्स
किस स्वास्थ्य खंड से कितने लाभार्थी
जिले के करीब 4338 लड़कियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। स्वास्थ्य खंड भोरंज से सबसे अधिक और गलोड़ स्वास्थ्य खंड से सबसे कम लाभार्थी हैं। भोरंज स्वास्थ्य खंड से 1050, नादौन से 600, टौणी देवी से 944, बड़सर से 968, गलोड़ से 370 और सुजानपुर स्वास्थ्य खंड से 406 लाभार्थी हैं।
कोट
-सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 29 अप्रैल से टीकाकरण शुरू होगा। स्वास्थ्य विभाग इसकी तैयारियां कर रहा है। टीकाकरण से पहले लाभार्थियों का पंजीकरण अनिवार्य है।-डॉ. अजय कुमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, हमीरपुर।