नादौन। उपमंडल मुख्यालय नादौन के सिविल अस्पताल से हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर की गई गर्भवती महिला ने एंबुलेंस में बच्चे को जन्म दिया। मात्र 7 किलोमीटर की दूरी तय करने पर एंबुलेंस में तैनात स्टाफ ने महिला का सफल प्रसव करवाया।
सोमवार रात को एक प्रवासी परिवार की गर्भवती महिला को नादौन अस्पताल से हमीरपुर रेफर किया गया। 15 मिनट बाद ही 108 एंबुलेंस में महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। एंबुलेंस अटेंडेंट और चालक ने महिला को नादौन अस्पताल के दिशा-निर्देशों पर हमीरपुर अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां माता तथा शिशु पूरी तरह स्वस्थ हैं।
नादौन में करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए नए अस्पताल भवन में मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। यहां पर गायनी विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सक भी हैं, लेकिन प्रवासी महिला को प्रसव के लिए हमीरपुर रेफर करना पड़ा। लोगों का कहना है कि नादौन अस्पताल में अब गायनी के डाक्टर की सुविधा भी उपलब्ध करवा दी है, परंतु अस्पताल में सीजेरियन ऑपरेशन करवाने के लिए सामान व अन्य सुविधा न होने से यह सब नाकाफी साबित हो रहा है।
उधर, एंबुलेंस के ईएमई पंकज ने बताया कि सोमवार देर रात नादौन से हमीरपुर अस्पताल के लिए केस रेफर करने की सूचना उन्हें प्राप्त हुई और नादौन से कुछ ही दूरी पर ही एंबुलेंस स्टाफ महिला का प्रसव करवाने में सफल रहा।