हमीरपुर में एटीएम से पैसे निकालने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते लोग।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। सुजानपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत बजरोल में कोरोना वायरस कोविड-19 के दो संक्रमित व्यक्तियों के मामले सामने आने के बाद इनके प्राथमिक एवं द्वितयिक संपर्कों के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है। दोनों में कोई आरंभिक लक्षण नहीं थे और इन्हें जिले में स्थापित कोविड केयर सेंटर में भेजा गया है। आरंभिक जांच में यह पता चला है कि यह दोनों व्यक्ति 30 अप्रैल को पंजाब नंबर की टैक्सी से दिल्ली से यहां पहुंचे हैं। टैक्सी में बजरोल गांव के 50 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति की पत्नी भी साथ थी। इस व्यक्ति के नजदीकी परिजनों में पांच लोगों की पहचान प्राथमिक संपर्कों के रूप में की गई है। इसी प्रकार पलाभु गांव के 30 वर्षीय व्यक्ति के 8 प्राथमिक संपर्कों का अभी तक पता चला है। इन सभी के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
यह भी पता चला है कि कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति गांव सीरी, डाकघर कक्कड़ में अपनी निकट रिश्तेदार के घर में भी रुका था। ऐसे में उस परिवार को संगरोध कर नमूने एहतियातन जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत ऊहल के मड़ियार गांव का एक व्यक्ति भी दिल्ली से इनके साथ आया था। जिसे इन्होंने टौणी देवी में टैक्सी से उतारा था। उसके भी नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं और संपर्कों का पता किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के लिए बार-बार कड़े संगरोध में रहने के निर्देश जारी किए हैं और वाहनों में यात्रा के लिए भी मानक तय किए हैं। इस मामले में इनकी अवहेलना हुई है और ऐसे में कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है। उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने कहा कि हमीरपुर जिले में 25 अप्रैल के उपरांत अभी तक बाहरी राज्यों से 14 हजार से अधिक लोग पहुंचे हैं। इनमें से 9 हजार लोग रेड जोन से आए हैं। इन सभी को कड़े संगरोध में रहने के निर्देश दिए गए हैं। रेड जोन से आने वाले सभी लोगों को अनिवार्य रूप से संस्थागत संगरोध केंद्रों में ही रखा जाएगा। इसके लिए पंचायत स्तर तक संगरोध केंद्र चिह्नित किए गए हैं। निश्चित अवधि में इनके नमूने भी लिए जाएंगे। ऑरेंज एवं ग्रीन जोन से आने वाले लोगों की भी जिला की सीमा पर ही समुचित चिकित्सा जांच की जाएगी और इसके उपरांत ही लक्षणों के आधार पर उन्हें आगे संगरोध के लिए भेजा जाएगा। हमीरपुर जिले में आगामी दिवस कर्नाटक से रेल के माध्यम से भी लगभग 100 लोगों के आने की सूचना है और इन सभी को संस्थागत संगरोध केंद्रों में ही रखा जाएगा।