हमीरपुर। जिला मुख्यालय में मुनाफाखोरी और रेट लिस्ट न लगाने के कारण छह सब्जी-फल विक्रेताओं की दुकानों से जिला प्रशासन की ओर से टीम ने दो क्विंटल सब्जी और सात किलोग्राम फल जब्त किए हैं। जिला प्रशासन को लोगों की मिल रही शिकायतों के बाद डीएफएससी और तहसीलदार की अगुवाई में टीम ने ऐसे विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं, उपायुक्त हमीरपुर ने भी जायजा लिया और मुनाफाखोरी पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान छह दुकानदारों ने रेट लिस्ट नहीं लगाई थी और सब्जियों व फलों के अधिक दाम वसूल कर रहे थे।
जिस पर इनसे दो क्विंटल सब्जियां और सात किलोग्राम फल जब्त किए गए। डीएफएससी हमीरपुर शिव राम राही ने कहा कि मुनाफाखोरी करने और रेट लिस्ट न लगाने पर छह दुकानदारों पर कार्रवाई की गई है। इनसे दो क्विंटल सब्जी और सात किलोग्राम फल जब्त किए हैं। मुनाफाखोरी व रेट लिस्ट न लगाने वाले दुकानदारों पर रोजाना कार्रवाई होगी। टीमें जिलाभर का निरीक्षण करेंगी। उधर, एक अन्य विभागीय टीम ने पंचायत करोट, भलेठ, सुजानपुर शहर एवं अन्य पंचायतों में जाकर आवश्यक वस्तुओं की रेट लिस्ट की जांच की तथा दुकानदारों को हिदायत देते हुए कहा कि दुकानदार रेट लिस्ट लगाना सुनिश्चित करें।