हमीरपुर। सदर थाना के तहत रामनगर में 10.33 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामदगी के मामले की जांच अब एक बड़े नशा नेटवर्क तक पहुंच गई है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी बलजीत को गिरफ्तार किया है।
वह पहले से ही जालंधर की जेल में बंद था। पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट के तहत हमीरपुर लाई और गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 19 तारीख तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि बलजीत अपने दो साथियों गुरदेव और अरविंद्र के साथ मिलकर पंजाब से नशे का नेटवर्क संचालित कर रहा था। इसकी सप्लाई हमीरपुर समेत अन्य क्षेत्रों तक पहुंच रही थी।
गुरदेव नेटवर्क में मिडलमैन की भूमिका निभाता था, जबकि नशे की सप्लाई बलजीत के जरिए होती थी। जांच में यह भी सामने आया है कि हमीरपुर सहित अन्य क्षेत्रों के कुछ लोग नशे की सामग्री के लिए गुरदेव के खाते में पैसे ट्रांसफर करते थे, जबकि उन्हें नशे की खेप बलजीत से मिलती थी। पुलिस अब नेटवर्क में पैसों के लेन-देन और सप्लाई चेन की कड़ियों को खंगाल रही है।
गुरदेव बटाला में लोक मित्र केंद्र का संचालन करता था। पुलिस ने उसे पहले ही बटाला से गिरफ्तार कर लिया था। उससे पूछताछ के बाद बलजीत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
मामले की शुरुआत 26 जुलाई को वार्ड नंबर-10 रामनगर में पुलिस की कार्रवाई से हुई थी। इस दौरान तीन युवकों के कब्जे से 10.33 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। पुलिस ने मौके पर शशांक भारद्वाज निवासी गांव बड़ैहर, तहसील भोरंज, नवीन कपलेश निवासी गांव लोहारड़ा और अश्वनी कुमार निवासी गांव बरोहा, डाकघर डुग्घा को गिरफ्तार किया था।
कोट
चिट्टा के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। आगामी दिनों में मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
-बलवीर सिंह, एसपी हमीरपुर