संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला मुख्यालय में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली गई। इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ सदर विधायक आशीष शर्मा ने भी पत्नी संग भाग लिया। रथयात्रा में सैकड़ों भक्तों ने भगवान जगन्नाथ का रथ खींचा।
रथयात्रा सत्य नारायण मंदिर हमीरपुर से शुरू की गई, जो कि भोटा चौक से होते हुए नादौन चौक, गांधी चौक, सब्जी मंडी, पक्का भरो और फिर दंगड़ी पहुंची। भव्य रथयात्रा के दौरान भक्तजनों ने नाच-गाकर भगवान जगन्नाथ की लीलाओं के साथ हरि बोल के जयकारे लगाए।
इससे माहौल पूरी तरह से भक्तिमय हो गया। बाजार में दुकानदारों ने भक्तों को ठंडे मीठे पानी के साथ फल भी वितरित किए। रथयात्रा से पूर्व सत्य नारायण मंदिर हमीरपुर में पूजा-अर्चना के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर में दोपहर तक महिलाओं ने भजन-कीर्तन किया। दोपहर 12:00 बजे के करीब भगवान जगन्नाथ का रथ मंदिर के पास पहुंचा। इसके उपरांत भोटा चौक से होते हुए श्रद्धालुओं ने रथ को खींचकर गांधी चौक तक पहुंचाया।
रथयात्रा के दौरान बाजार में कुछेक स्थानों पर जाम भी लगा, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
वहीं, दंगडी स्थित गौड़ीय मठ के कथा ब्यास भक्ति प्रसाद विष्णु गोस्वामी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा के दौरान बाजार के दुकानदारों ने हलवा, जूस, मिठाइयों के भंडारे लगाए।