हमीरपुर बाजार में राखी के पर्व के लिए खरीदारी करती महिलाएं।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो हमीरपुर रक्षाबंधन पर रविवार को सभी 103 रूटों पर बसें चलाएगा। इस रविवार को रूटों पर कट नहीं लगेगा। वहीं, महिलाओं को निगम की बसों में रक्षाबंधन के दिन निशुल्क यात्रा रहेगी। महिलाएं निगम की बस सेवा का लाभ उठा सकती हैं। पूर्व में एचआरटीसी हमीरपुर छुट्टी वाले या रविवार के दिन अधिकतर लोकल रूटों पर कट लगाता है और महज महत्वपूर्ण रूटों पर ही बसें भेजी जाती हैं। इस रविवार निगम प्रबंधन वर्तमान में चल रहे सभी 103 रूटों पर बसें भेजेगा, ताकि महिलाओं को आवाजाही में परेशानी न हो।
कोरोना काल से पहले निगम के हमीरपुर डिपो की बसें कुल 186 रूटों पर दौड़ती थीं, लेकिन कोरोना महामारी के चलते निगम प्रबंधन ने रूटों पर कट लगाया। महामारी की पहली और दूसरी लहर में भी कई रूट ठप रहे। दूसरी लहर के बाद निगम ने 103 रूटों पर बसें चला दी हैं। जबकि, 83 रूटों पर अभी भी बसों के पहिये थमे ही हैं।
रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को रक्षा की डोर बांधने जाने वाली बहनों को निशुल्क 103 रूटों पर यात्रा करने का लाभ मिलेगा। इस संबंध में डीडीएम हमीरपुर विवेक लखनपाल ने कहा कि रक्षाबंधन के चलते हमीरपुर डिपो के 103 रूटों पर रविवार को बसें चलेंगी। कोई भी रूट बंद नहीं रहेगा। महिलाओं को निशुल्क सेवा मिलेगी।