हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच जिला हमीरपुर की मासिक बैठक जिला अध्यक्ष अजमेर चंद की अध्यक्षता में हुई। इसमें सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन के स्थायी समाधान और महंगाई भत्ते की रुकी हुई बकाया राशि शीघ्र देने के लिए सरकार और प्रबंधन से मांग की गई। इसके साथ ही 65-70-75 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 5-10-15 फीसदी वेतन वृद्धि करने की मांग की गई।
जिन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ग्रेच्युटी और लीव इन कैशमेंट नहीं मिला है, उन्हें भी रुके हुए वित्तीय लाभ शीघ्र दिए जाएं। मंच हर बार सरकार से इन मांगों को समय समय पर उठाता है, लेकिन न ही पूर्व सरकार ने और न वर्तमान सरकार ने इन मांगों पर कोई पॉलिसी बनाई। मंच ने परिवहन मंत्री से मांग की है कि 23 जुलाई को दिए गए आश्वासन के अनुसार मंच की बैठक मुख्यमंत्री से करवाई जाए। इसके साथ ही पेंशन के स्थायी समाधान और महंगाई भत्ते की बकाया राशि दिलवाने का आश्वासन भी दिया था। बैठक में अध्यक्ष नंद लाल, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश, कश्मीर सिंह सोनी, आज्ञा राम, राम लाल, बलदेव सिंह, संगली राम, शंभू दत्त, सुखदेव, हरि राम, प्रेम सिंह, प्रीतम चंद, होशियार सिंह, भाग सिंह, हरनाम सिंह और सीता राम आदि मौजूद रहे।