जाहू (हमीरपुर)। दो उपमंडलों भोरंज और सरकाघाट को जोड़ने वाली मुख्य सड़क बस्सी से तताहर वाया चंदरूही भारी बारिश के कारण जगह-जगह उखड़कर गड्ढों में तबदील हो गई है।
वहीं, नगरोटा खड्ड बाजार, कक्कड़ और डली में निर्माणाधीन पुलों के पास बनी वैकल्पिक सड़कें भी खस्ताहाल होने से हादसों का खतरा बना हुआ है। मंगलवार को हुई बारिश के कारण गरसाहड़ से कक्कड़ निर्माणाधीन पुल तक बारिश का पानी सड़क पर ही बहता रहा।
नालियों की उचित व्यवस्था न होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इससे वैकल्पिक सड़क से मिट्टी बह जाने के कारण पत्थर बाहर निकल आए हैं, जिससे वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। खासकर दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
दोपहिया वाहन चालक चमल लाल, त्रिलोक चंद, रमेश चंद, पवन कुमार, किशोर चंद और पूर्व प्रधान कक्कड़ विनोद कुमार ने बताया कि इस स्थान पर दिनभर वाहनों को निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़क पर बह रहे पानी की निकासी के लिए नाली का निर्माण करने और सड़क की खराब दशा को सुधारने की मांग की है।
कोट
बारिश से सड़क खराब हुई होगी। इसे जल्द ठीक किया जाएगा। निर्माणाधीन पुलों के पास बनी वैकल्पिक सड़कों की लगातार निगरानी की जा रही है।
-जयपाल नायक, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग मंडल भोरंज
बस्सी से तताहर सड़क क निर्माणधीन पुल के पास वैकल्पिक सड़क हुई खस्ताहाल। स्रोत : जागरूक पाठक