आवाहदेवी (हमीरपुर)। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल अवाहदेवी माता मंदिर में लिफ्ट का निर्माण कार्य बरसात ने रोक दिया है। लिफ्ट निर्माण के लिए की गई खोदाई के दौरान भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं।
इस कारण कमेटी ने कार्य को फिलहाल स्थगित कर दिया है। मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के लिए लिफ्ट के निर्माण का निर्णय लिया था। निर्माण कार्य का आरंभ पहले यह तय किया गया था कि बरसात से पहले सुरक्षा दीवारें (डंगे) बना दी जाएंगी, लेकिन जून से ही क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई। इससे योजना पर फिलहाल पानी फिर गया है।
आधे हिस्से में डंगा बनाने का कार्य शुरू ही हुआ था कि बारिश के कारण मलबा गिरना शुरू हो गया। इससे निर्माण स्थल पर खतरा बढ़ गया। श्रद्धालु पूर्व, उत्तर और पश्चिम दिशा से मंदिर पहुंचते हैं। अब पश्चिम दिशा में लिफ्ट लगाई जा रही है। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष रमेश चंद गुलेरिया ने बताया कि जैसे ही मौसम में सुधार होगा, डंगे का कार्य पूरा किया जाएगा और सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही लिफ्ट का निर्माण दोबारा शुरू होगा।
बॉक्स
बिजली का पोल गिरने से बिजली सेवा बाधित
अवाहदेवी कस्बे में शुक्रवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते बिजली का एक पोल गिर गया। इससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। यह पोल अवाहदेवी मंदिर परिसर के उस हिस्से में गिरा है, जहां मंदिर कमेटी ने पश्चिमी दिशा की ओर लिफ्ट लगाने के लिए हाल ही में खोदाई करवाई थी। खोदाई के कारण उस स्थान पर अब पोल लगाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है।
सहायक अभियंता इंजीनियर दीपक चौहान ने बताया कि मौके का सर्वे किया जा रहा है और वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शनिवार की रात भी कस्बावासियों को अंधेरे में ही गुजारनी पड़ेगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने मंदिर कमेटी की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले बिजली विभाग से समन्वय करना चाहिए था।
अवाहदेवी माता मंदिर में रूका लिफ्ट का निर्माण कार्य। संवाद
अवाहदेवी माता मंदिर में बिजली का पोल टूटने से बिजली सेवा हुई बाधित। संवाद
अवाहदेवी माता मंदिर में बिजली का पोल टूटने से बिजली सेवा हुई बाधित। संवाद