पट्टा में खेत में उगी गेहूं की फसल। संवाद
हमीरपुर। रविवार को जिले के कुछ हिस्सों में हुई हल्की बारिश गेहूं की फसल और फलदार पौधों के लिए फायदेमंद साबित होगी। पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी के बीच हुई हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है।
रविवार को सुबह से ही मौसम खराब रहा। दोपहर तक हल्की बारिश शुरू हुई। शाम तक बारिश का क्रम जारी रहा। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली और हल्की ठंड का एहसास भी हुआ। वहीं, किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है।
जिले में लगभग 28 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बिजाई हुई है। पिछले करीब दो महीनों से बारिश नहीं होने और लगातार बढ़ते तापमान के कारण फसल पर असर पड़ने लगा था। समय पर बारिश नहीं होने से करीब दस प्रतिशत गेहूं की फसल पहले से ही प्रभावित थी। वहीं कुछ स्थानों में फसल सूख चुकी थी। किसानों को फसल के खराब होने का डर सता रहा था। ऐसे में हुई हल्की बारिश किसानों के लिए फायदेमंद साबित होगी। सब्जियों के साथ नींबू, अमरूद सहित अन्य फलदार पौधों के लिए भी यह बारिश फायदेमंद मानी जा रही है। इस समय पौधों को नमी की जरूरत रहती है।
कोट
दो महीने से अधिक समय से बारिश नहीं हुई थी। समय से बारिश नहीं होने पर पहले ही करीब दस फीसदी गेहूं की फसल को नुकसान है। बाकी बची गेहूं के लिए बारिश लाभदायक साबित होगी।
-डीडी शर्मा, उपनिदेशक, कृषि विभाग हमीरपुर
फलदार पौधों के लिए बारिश अच्छी है। फसल का बेहतर उत्पादन होगा। बागवानों ने अमरूद सहित अन्य फलदार पौधे लगाए हैं, उनके लिए भी बारिश फायदेमंद है।
-राजेश्वर परमार, उपनिदेशक, बागवानी विभाग हमीरपुर।