हमीरपुर। पुलिस थाना सदर और नादौन में मारपीट के तीन मामले दर्ज हुए हैं। महिला थाना सदर में सीमा कुमारी पत्नी विपन कुमार गांव कसरोआ डाकघर ग्वालपत्थर तहसील नादौन ने शिकायत दर्ज करवाई है कि तीन जुलाई को शाम करीब छह बजे वह घास काट रही थी तो उसी समय उसकी चाची सास ने उस जमीन को अपनी होने का हवाला देकर उसका हाथ पकड़ लिया और चाचा अशोक कुमार उसके साथ हाथापाई करने लग पड़ा। पास में खड़े उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
वहीं, थाना नादौन में सुनील कुमार गांव नघूं डाकघर घलूं तहसील नादौन ने शिकायत दर्ज करवाई है कि चार जुलाई को जब वह अपने घर जा रहा था तो प्रिंस, अंकुर, विशाल व मनोज कुमार ने उसका रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की और विशाल शर्मा ने उसकी जेब से पैसे भी निकाल लिए। तभी उसका बड़ा भाई भी दुकान से घर जा रहा था तो उन्होंने उसके साथ भी मारपीट की। जब वह घर पहुंचा तो वे सभी घर पर आए और बच्चों व उनके साथ दोबारा मारपीट की।
तीसरे मामले में दलेर चंद निवासी गांव हरनेड़ डाकघर बफड़ी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि चार जुलाई को वह अपने घर के पास रास्ते में छांग-तराश कर रहा था तो समय करीब 2 बजे उर्मिला देवी पत्नी कृष्ण चंद वहां पर आई और उसके साथ मारपीट की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने कहा कि तीनों मामले दर्जकर छानबीन की जा रही है।