जाहू (हमीरपुर)। लोक निर्माण विभाग के भोरंज उपमंडल के जाहू अनुभाग के तहत सुलगवान में पुरानी सड़क के किनारे बनाई गई नाली के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि नाली के निर्माण में सीमेंट, रेत और बजरी का निर्धारित अनुपात नहीं रखा गया तथा सीमेंट के मुकाबले बजरी का अधिक इस्तेमाल किया गया है।
लोगों के अनुसार, करीब 300 मीटर लंबी नाली में लोहे की प्लेटें हटाने के बाद बजरी अधिक दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिससे नाली के लंबे समय तक टिकने पर संदेह है।
विज्ञापन
वहीं, सड़क के दो स्थानों पर कंकरीट डालकर किए गए पक्कीकरण से वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल उड़ रही है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने नाली निर्माण की गुणवत्ता और सड़क से उड़ रही धूल को लेकर विभागीय अधिकारियों से फोन पर शिकायत भी की है।
कोट
नाली के निर्माण में कमी पाई गई है। निरीक्षण के बाद ठेकेदार को इसे ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। नाली निर्माण और सड़क पर कंकरीट डालने के कार्य पर करीब सात से आठ लाख रुपये खर्च हुए हैं। -प्रवीण कुमार, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग, जाहू