गांधी चौक हमीरपुर में संपत्ति विवाद की शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिला मुख्यालय के गांधी चौक पर सोमवार सुबह बहुमंजिला दुकान पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में जोरदार झगड़ा हुआ। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर दुकान के शटर का ताला तोड़ने के आरोप लगाए हैं।
इस दौरान सैकड़ों लोग गांधी चौक पर घटनास्थल के बाहर एकत्रित हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत करवाया। इसके बाद दोनों पार्टियों दुकान पर कब्जा दिलाने की मांग को लेकर पुलिस थाना हमीरपुर पहुंच गए। पुलिस ने यह मामला राजस्व से संबंधित बताते हुए राजस्व विभाग में जाने की सलाह दी। बताया जा रहा है कि दुकान पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों दो भाइयों और एक बहन का अधिकार है। एक भाई का निधन हो चुका है। मृतक की पत्नी ने अपने हिस्से को शहर के एक व्यक्ति को बेच दिया।
इसके बाद दुकान पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। हमीरपुर थाना प्रभारी संजीव गौतम ने कहा कि सोमवार सुबह गांधी चौक पर दो परिवारों के बीच झगड़ा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले को शांत करवा दिया। दोनों ही पार्टियां दिनभर पुलिस थाना में बार-बार पहुंचकर दुकान पर कब्जा दिलाने की मांग करते रहे। दोनों को इस मामले को लेकर राजस्व विभाग में जाने के निर्देश दिए हैं। किसके हिस्से में कितने संपत्ति आएगी, यह राजस्व विभाग ही तय करेगा।