हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज में दो पर्स और एक मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। बीमारी का बहाने बनाकर चोर मरीजों की तरह अस्पताल में पहुंच रहे हैं और मरीजों के बैगों को चुरा ले जा रहे हैं। चोरों ने यहां दो महिला मरीजों के पर्स और एक कर्मचारी का मोबाइल चुरा लिया। एक महिला के पर्स से रुपये निकालकर पर्स को कूड़ेदान में फेंक दिया लेकिन इस वारदात की पीड़ित महिला को कानों कान भनक तक नहीं लगी।
डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रोजाना 2,000 के करीब लोग इलाज करवाने पहुंचते हैं। ऐसे में मरीज दवाइयों आदि के लिए ज्यादा रुपये लाते हैं लेकिन यहां चोर मरीजों को लूटने में जुटे है। चोरी की शिकायत मिलने के बाद अब अस्पताल प्रशासन यहां लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रहा है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पूर्व में भी यहां चोरी के आधा दर्जन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।
संभाल कर रखें बैग
इस बारे वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि चोरी के मामले सामने आए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों से अपील की है कि वे अपने पर्स, बैग और मोबाइल आदि संभाल कर रखें। क्योंकि भीड़ में कौन व्यक्ति कैसा है इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।