सलौणी/बड़सर(हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने सोमवार को गर्मियों में होने वाली पेयजल समस्या को लेकर जल शक्ति विभाग बड़सर के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक मे बड़सर डिवीजन के एक्सईएन, एसडीओ सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान विधायक ने अधिकारियों से बड़सर की सभी पेयजल योजनाओं की प्रतिक्रिया ली।
उन्होंने अधिकारियो को निर्देश दिए कि गर्मियों मे पेयजल समस्या से निपटने के लिए जरूरी स्थानों को चिन्हित करके वहां 100 पेयजल भंडारण टैंक बनाने का कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने लोगों से भी पेयजल टैंक बनाने के लिए जमीन दान देने का अनुरोध किया ताकि क्षेत्र में कहीं भी पानी की कमी न हो।
लखनपाल ने कहा कि विभाग के जो कर्मचारी अपने काम मे कोताही बरत रहे हैं और लोगों को पानी की सप्लाई देने में भेदभाव कर रहे हैं। उनके कार्यस्थल तुरंत बदले जाएं। उन्होंने अधिकारियों को गर्मियों मे पेयजल समस्या से निपटने के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव डेनी जसवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।